जिले के ग्राम गोल्हापारा में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन
राजेन्द्र प्रजापति
मुंगेली । जिले के ग्राम गोल्हापारा में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन 02 अप्रैल से प्रारंभ हुआ है और यह आयोेजन 10 अप्रैल तक चलेगी। श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास पंडित दिलेश्वर दुबे (मुँगेली वाले ) द्वारा किया जा रहा है। श्रीमद्भागवत सप्ताह के तृतीय दिवस की कथा में दान की महिमा बताते हुये पंडित दुबे ने बताया कि एक बार दैत्यराज बलि ने इंद्र को परास्त कर स्वर्ग पर अधिकार कर लिया। पराजित इंद्र की दयनीय स्थिति को देखकर उनकी मां अदिति बहुत दुखी हुईं। उन्होंने अपने पुत्र के उद्धार के लिए विष्णु की आराधना की। इससे प्रसन्न होकर विष्णु प्रकट होकर बोले- देवी चिंता मत करो। मैं तुम्हारे पुत्र के रूप में जन्म लेकर इंद्र को उसका खोया राज्य दिलाऊंगा। समय आने पर उन्होंने अदिति के गर्भ से वामन भगवान के रूप में अवतार लिया। उनके ब्रह्मचारी रूप को देखकर सभी देवता और ऋषि-मुनि आनंदित हो उठे। एक दिन उन्हें पता चला कि राजा बलि स्वर्ग पर स्थायी अधिकार जमाने के लिए अश्वमेध यज्ञ करा रहा है। यह जानकर वामन भगवान वहां पहुंचे। उनके तेज से यज्ञशाला प्रकाशित हो उठी। बलि ने उन्हें एक उत्तम आसन पर बिठाकर उनका सत्कार किया और अंत में उनसे भेंट मांगने के लिए कहा। इस पर वामन भगवान चुप रहे। लेकिन जब बलि उनके पीछे पड़ गया तो उन्होंने अपने कदमों के बराबर तीन पग भूमि भेंट में मांगी। बलि ने उनसे और अधिक मांगने का आग्रह किया, लेकिन वामन भगवान अपनी बात पर अड़े रहे। इस पर बलि ने हाथ में जल लेकर तीन पग भूमि देने का संकल्प ले लिया। संकल्प पूरा होते ही वामन भगवान का आकार बढ़ने लगा और वे वामन से विराट हो गए। उन्होंने एक पग से पृथ्वी और दूसरे से स्वर्ग को नाप लिया। तीसरे पग के लिए बलि ने अपना मस्तक आगे कर दिया। वह बोला- प्रभु, सम्पत्ति का स्वामी सम्पत्ति से बड़ा होता है। तीसरा पग मेरे मस्तक पर रख दें। सब कुछ गंवा चुके बलि को अपने वचन से न फिरते देख वामन प्रसन्न हो गए। उन्होंने ऐसा ही किया और बाद में उसे पाताल का अधिपति बना दिया और देवताओं को उनके भय से मुक्ति दिलाई। स्व.श्री लेखराम साहू (पिता) के वार्षिक श्राद्ध अन्तर्गत यह कार्यक्रम उनके मोक्ष के लिए हो रहा जिसमें आयोजन कर्ता रूकमणी साहु (माता), पुत्र सोम साहू, पोलेश्वर साहू, जितेंद्र साहू, घनश्याम साहू, मुख्य यजमान रामनारायण साहू, श्रीमति राधाबाई साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।














0 टिप्पणियाँ